Tuesday, October 20th, 2026

नारायणसामी सरकार अल्पमत में ,सदन में साबित करेंगे बहुमत

सोलाई
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के पुडुचेरी दौरे से एक दिन पहले पार्टी को बड़ा झटका लगा है. कांग्रेस के चार विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है, जिसके बाद मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने कैबिनेट की बैठक बुलाई है, जिसमें मंत्रिमंडल को भंग करने के बजाय बहुमत साबित करने का फैसला किया है. वहीं, राहुल गांधी आज  पुडुचेरी विधानसभा चुनाव अभियान के लिए राज्य के दौरे पर आ रहे हैं. ऐसे में अब देखना होगा कि वो पार्टी की बगावत से कैसे निपटते हैं.

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज पुडुचेरी के सोलाई नगर में मछुआरों को संबोधित करेंगे. इसके बाद फिर वो यहां के भारतीदासन गवर्नमेंट महिला कॉलेज में छात्राओं के साथ संवाद कर पार्टी के लिए चुनावी समीकरण साधने की कवायद करेंगे. हालांकि, उनके पुडुचेरी पहुंचने से पहले ही राज्य में सियासी तौर पर कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. कामराज सीट से कांग्रेस विधायक ए जॉन कुमार ने मंगलवार को 'कांग्रेस सरकार के असंतोष' का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया.

यह है विधानसभा का गणित
पुदुचेरी की विधानसभा में 33 सदस्‍य हैं। इनमें से 30 निर्वाचित और 3 मनोनीत होते हैं। कांग्रेस के विधायकों के इस्‍तीफे बाद अब उसके पास कुल 10 विधायक हैं, डीएमके के तीन, ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस के 7, एआईएडीएमके के 4 और तीन मनोनीत सदस्‍य बीजेपी के हैं। इसके अलावा एक निर्दलीय विधायक भी है। अब कांग्रेस गठबंधन के पास महज 14 विधायक हैं। उसे डीएमके और एक निर्दलीय का समर्थन प्राप्‍त है। विपक्ष के सदस्‍यों की संख्‍या भी अब 14 है। फिलहाल, बहुमत का आंकड़ा 15 का है, जिससे कांग्रेस एक अंक दूर है।

मंगलवार रात पुदुचेरी की उप राज्‍यपाल किरण बेदी को हटा दिया गया, उनकी जगह तेलंगाना की राज्‍यपाल तमिल‍िसाई सुंदरराजन को पुदुचेरी का उप राज्‍यपाल बनाया गया है। कांग्रेस की ओर से लगातार किरण बेदी को हटाने की मांग की जा रही थी। एक तरह से यह कांग्रेस की जीत है लेकिन जानकार इसे कांग्रेस से ज्‍यादा बीजेपी के लिए फायदे का कदम बता रहे हैं।

माना जा रहा है कि ए जॉन कुमार जल्द ही बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. इससे पहले कांग्रेस विधायक मल्लदी कृष्ण राव, नमिचीवम और थिपिनदान अपना इस्तीफा दे चुके हैं. पीडब्ल्यूडी मंत्री और विधायक पद से इस्तीफा देने वाले नमिचीवम और ई थिपिनदान बीजेपी का दामन थाम चुके हैं. अभी तक कुल चार कांग्रेसी विधायक इस्तीफा दे चुके हैं, जिसके चलते नारायणस्वामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर संकट गहरा गया है.

समाज कल्याण मंत्री कंधासामी ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि 5 साल तक पीएम नरेंद्र मोदी और एलजी किरण बेदी ने कांग्रेस-डीएमके गठबंधन सरकार के लिए कई बाधाएं खड़ी की हैं. वहीं, कैबिनेट की बैठक के बाद नारायणस्वामी ने बहुमत साबित करने का एलान किया है. ऐसे में देखना होगा कि बहुमत का जादुई आंकड़ा तक पहुंच पाते हैं या नहीं? हालांकि, कांग्रेस के चार विधायकों के इस्तीफे के बाद बहुमत का नंबर भी कम हो गया है.

 

#पुडुचेरी

Source : Agency

पाठको की राय